सुवासरा। मंदसौर पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुवासरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 30 ग्राम स्मैक और 7 किलोग्राम डोडाचूरा सहित एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर 18 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ रामसनेही मिश्रा एवं एसडीओपी सीतामऊ दिनेश प्रजापति के नेतृत्व में थाना प्रभारी सुवासरा निरीक्षक बी.डी. बिरा ने उपनिरीक्षक केरूसिंह रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम को कार्रवाई के लिए रवाना किया।
गठित टीम ने गोशाला के सामने बसई-कुरावन रोड पर कार्रवाई करते हुए आरोपी मदनसिंह पिता शंकरसिंह सौंधिया राजपूत, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम आंसपुरा, थाना सुवासरा को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे में सफेद प्लास्टिक के कट्टे से 7 किलोग्राम डोडाचूरा तथा जेब से 30 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
फारुख पठान से मादक पदार्थ लाना बताया
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने जब्त मादक पदार्थ डोडाचूरा और स्मैक फारुख पठान निवासी घाटाखेड़ी, थाना डग, जिला झालावाड़ (राजस्थान) से लेकर आना बताया है। मामले में थाना सुवासरा पर अपराध क्रमांक 276/26, धारा 8/15, 21, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।
आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। पुलिस द्वारा मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ एवं अनुसंधान जारी है।
जब्त मशरूका
30 ग्राम स्मैक, कीमत करीब 81 हजार रुपये
7 किलोग्राम डोडाचूरा
आरोपी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन, कीमत करीब 20 हजार रुपये
इनकी रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक बी.डी. बिरा, उपनिरीक्षक केरूसिंह रावत सहित गठित पुलिस टीम का विशेष योगदान रहा।