दलौदा। मंदसौर पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दलौदा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 71 किलो अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने डोडाचूरा परिवहन में प्रयुक्त अशोक लीलेंड कंपनी के कंटेनर वाहन को भी जब्त करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल एवं एसडीओपी मंदसौर ग्रामीण जितेन्द्र भास्कर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी दलौदा उपनिरीक्षक रविन्द्र प्रताप डांगी एवं पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
मुखबिर की सूचना पर हाईवे पर नाकाबंदी
दिनांक 18 सितंबर 2026 को दलौदा पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि नीले रंग के अशोक लीलेंड कंटेनर क्रमांक RJ14GP2337 में चालक नीमच की ओर से डोडाचूरा लेकर दलौदा होते हुए रतलाम की ओर जाने वाला है।
सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम लखमाखेड़ी में महू-नीमच हाईवे पर नाकाबंदी की। इस दौरान दलौदा की ओर से आ रहे उक्त कंटेनर को रोककर चालक से पूछताछ की गई। चालक ने अपना नाम सुखराम पिता रामचंद्र जाट, उम्र 33 वर्ष, निवासी बांदरसिंदरी, जिला अजमेर (राजस्थान) बताया।
कंटेनर की तलाशी लेने पर परचून के सामान के साथ चार प्लास्टिक के कट्टों में कुल 71 किलो अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी सुखराम को गिरफ्तार कर प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पूछताछ में दूसरे आरोपी तक पहुंची पुलिस
पुलिस द्वारा सुखराम से डोडाचूरा के स्रोत के संबंध में पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने बताया कि डोडाचूरा ग्राम सगरग्राम, थाना जीरन क्षेत्र में हाईवे किनारे स्थित हैप्पी हरियाणा ढाबे के गुरमित उर्फ हेप्पी से लेकर आया था।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुरमित उर्फ हेप्पी पिता बल्देवसिंह तरखान, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम हरसीपिंड, जिला होशियारपुर (पंजाब), हाल मुकाम ग्राम सगरग्राम, थाना जीरन, जिला नीमच को भी गिरफ्तार किया।
दोनों आरोपियों से प्रकरण के संबंध में पूछताछ जारी है।
यह हुआ जब्त
- 71 किलो अवैध डोडाचूरा, अनुमानित कीमत 10 लाख 65 हजार रुपये
- अशोक लीलेंड कंपनी का नीले रंग का कंटेनर वाहन क्रमांक RJ14GP2337, बिल्टी अनुसार परचून के सामान सहित अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी दलौदा उनि. रविन्द्र प्रताप डांगी, सउनि. प्रमोद सिंह तोमर सहित दलौदा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।