मल्हारगढ़। मंदसौर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मल्हारगढ़ पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग्स और डोडाचूरा की तस्करी का खुलासा किया है। पुलिस ने दो तस्करों को मौके से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 526 ग्राम एमडी ड्रग्स एवं 5 किलो 640 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया। मामले में मादक पदार्थ खरीदने वाले एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीणा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल एवं एसडीओपी मल्हारगढ़ पिंटू कुमार बघेल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी मल्हारगढ़ निरीक्षक अनिल रघुवंशी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस के अनुसार 19 सितंबर 2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने महू-नीमच हाईवे रोड, कृषि मंडी के सामने मल्हारगढ़ में कार्रवाई करते हुए प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक MP14NG3931 पर सवार दो आरोपियों को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लक्की पिता सुरेश हाडा, उम्र 19 वर्ष, निवासी कालाखेड़ा थाना गरोठ तथा राधेश्याम उर्फ कमलेश पिता भैरूलाल हाडा, उम्र 33 वर्ष, निवासी ग्राम कालाखेड़ा थाना गरोठ के रूप में हुई। दोनों के कब्जे से 526 ग्राम एमडी ड्रग्स और 5 किलो 640 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया।
खरीददार भी गिरफ्तार
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त मादक पदार्थ खरीदने वाले शेराराम पिता कानाराम देवासी, उम्र 24 वर्ष, निवासी पंचवा खुर्द, जिला पाली (राजस्थान), हाल मुकाम भेखराई नगर, थाना भेखराई, जिला पुणे (महाराष्ट्र) को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक मामले में मादक पदार्थ उपलब्ध कराने वाले अकरम निवासी भैसोदामंडी की तलाश जारी है।
5.60 लाख रुपये का मशरूका जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 526 ग्राम एमडी ड्रग्स एवं 5.640 किलो डोडाचूरा, कीमत करीब 5.10 लाख रुपये, तथा बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल, कीमत करीब 50 हजार रुपये जब्त की है। जब्त मशरूके की कुल कीमत करीब 5.60 लाख रुपये बताई गई है।
मामले में थाना मल्हारगढ़ पर अपराध क्रमांक 175/2026, धारा 8/15, 22, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस द्वारा जब्त मादक पदार्थों के स्रोत एवं नेटवर्क के संबंध में आगे अनुसंधान किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी:
1. लक्की पिता सुरेश हाडा, उम्र 19 वर्ष, निवासी कालाखेड़ा, थाना गरोठ।
2. राधेश्याम उर्फ कमलेश पिता भैरूलाल हाडा, उम्र 33 वर्ष, निवासी कालाखेड़ा, थाना गरोठ।
3. शेराराम पिता कानाराम देवासी, उम्र 24 वर्ष, निवासी पंचवा खुर्द, जिला पाली (राजस्थान), हाल मुकाम पुणे (महाराष्ट्र)।
फरार आरोपी: अकरम निवासी भैसोदामंडी।
कार्रवाई में थाना प्रभारी मल्हारगढ़ निरीक्षक अनिल रघुवंशी एवं पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।