नीमच। नीमच जिले के मनासा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत खेड़ी दायमा में श्मशान घाट मार्ग पर विकास कार्य पूर्ण होने पर ग्रामीणों ने ग्राम सरपंच गोपाल चंदेल का माला पहनाकर एवं साफा बांधकर स्वागत किया।
ग्राम खेड़ी दायमा में श्मशान घाट मार्ग पर करीब 4 लाख रुपये की लागत से आरसीसी सड़क एवं 11 लाख रुपये की लागत से नाला निर्माण कराया गया है। इन विकास कार्यों को लेकर ग्राम के वरिष्ठ नागरिकों एवं युवा साथियों ने सरपंच गोपाल चंदेल का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।
ग्रामीणों ने कहा कि श्मशान घाट तक जाने वाले मार्ग पर आरसीसी निर्माण एवं नाला निर्माण होने से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और बारिश के दौरान जल निकासी की समस्या से भी राहत मिलेगी।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने सरपंच द्वारा कराए गए विकास कार्यों की सराहना करते हुए पुष्पमाला पहनाकर एवं साफा बांधकर सम्मान किया।