शामगढ़। पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत मंदसौर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में शामगढ़ पुलिस ने सफेद रंग की बोलेरो पिकअप वाहन से 100 किलो अवैध डोडाचूरा बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान पिकअप चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए खेतों की ओर भाग निकला।
पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर 2026 को सउनि रूप सिंह झाला को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने हतई फंटे के पास सफेद रंग की बोलेरो पिकअप क्रमांक MP14 ZH 1413 को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर चालक वाहन को वापस मोड़कर भागने लगा। पुलिस बल ने पीछा किया तो चालक ग्राम एरी के पास वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए खेतों में फरार हो गया।
इसके बाद पुलिस ने पिकअप वाहन की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन के अंदर से 5 कट्टों में कुल 100 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया। पुलिस ने डोडाचूरा की अनुमानित कीमत 2 लाख रुपये बताई है। साथ ही करीब 80 लाख रुपये कीमत की बोलेरो पिकअप भी जब्त की गई।
मामले में थाना शामगढ़ पर धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस जांच में वाहन स्वामी की पहचान विष्णु नाथ पिता गोवर्धन नाथ, निवासी कुंडलाखुर्द, थाना शामगढ़, जिला मंदसौर के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा आरोपी की तलाश की जा रही है।
जप्त मशरूका:
- 100 किलो अवैध डोडाचूरा — कीमत करीब 2 लाख रुपये
- बोलेरो पिकअप वाहन क्रमांक MP14 ZH 1413 — कीमत करीब 80 लाख रुपये
सराहनीय योगदान: कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कपिल सोराष्ट्रीय, उनि मनोज महाजन, सउनि रूप सिंह झाला, आरक्षक विशाल सिंह सोलंकी, प्रेम कुमार रावत एवं धर्मेश बैरागी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।