भैसोदामंडी। मंदसौर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भानपुरा थाना पुलिस की चौकी भैसोदामंडी टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 160 ग्राम एमडी ड्रग्स, कीमत करीब 16 लाख रुपये, तथा 6 किलो 800 ग्राम डोडाचूरा, कीमत करीब 13 हजार रुपये जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
पुलिस के अनुसार, पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीना के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ रामसनेही मिश्रा एवं एसडीओपी गरोठ विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी भानपुरा उप निरीक्षक विनय बुंदेला की टीम ने कार्रवाई की।
15 सितंबर 2026 को मुखबिर सूचना पर दबिश
पुलिस को 15 सितंबर को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने भैसोदामंडी पुलिस चेकपोस्ट के आगे आम रोड पर घेराबंदी कर सुरेंद्र सिंह पिता महिपाल सिंह, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम सरवर, थाना उन्हैल नागेश्वर, जिला झालावाड़, राजस्थान को पकड़ा।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 160 ग्राम एमडी और 6 किलो 800 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ धारा 8/15, 22, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पूछताछ में दूसरे आरोपी तक पहुंची पुलिस
विवेचना के दौरान पुलिस ने कथित रूप से सुरेंद्र सिंह को मादक पदार्थ उपलब्ध कराने वाले संजीव कुमार पिता बाबूलाल व्यास, उम्र 28 वर्ष, निवासी जेताखेड़ी, थाना गंगधार, राजस्थान को भी गिरफ्तार किया है।
जब्त सामग्री
160 ग्राम एमडी — कीमत करीब 16 लाख रुपये
6 किलो 800 ग्राम डोडाचूरा — कीमत करीब 13 हजार रुपये
एक बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल — कीमत करीब 70 हजार रुपये
जब्त मादक पदार्थों की कुल अनुमानित कीमत करीब 16 लाख 13 हजार रुपये
गिरफ्तार आरोपी
1. सुरेंद्र सिंह पिता महिपाल सिंह, उम्र 23 वर्ष, ग्राम सरवर, थाना उन्हैल नागेश्वर, जिला झालावाड़, राजस्थान।
2. संजीव कुमार पिता बाबूलाल व्यास, उम्र 28 वर्ष, निवासी जेताखेड़ी, थाना गंगधार, राजस्थान।
पुलिस के अनुसार मामले में दोनों आरोपियों से मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ एवं विवेचना जारी है।
सराहनीय योगदान: कार्रवाई में थाना प्रभारी भानपुरा उप निरीक्षक विनय बुंदेला, चौकी प्रभारी भैसोदामंडी उप निरीक्षक धर्मेश यादव सहित पुलिस टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।