नीमच। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतनगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 141 किलो 800 ग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने डोडाचूरा परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो नियो कार सहित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी नशा विरोधी अभियान के तहत उप पुलिस महानिरीक्षक रतलाम रेंज रतलाम निमिष अग्रवाल, नीमच पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं जावद एसडीओपी हर्ष राठौर के मार्गदर्शन में रतनगढ़ थाना पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई।
15 सितंबर 2026 की रात्रि पुलिस टीम एमपी-राजस्थान बॉर्डर स्थित ग्राम कांकड़िया तलाई में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ग्राम कांकड़िया तलाई की ओर से एक बोलेरो नियो कार आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया तो चालक के पास वाली सीट पर बैठा एक व्यक्ति वाहन से उतरकर जंगल की ओर भाग गया। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया, लेकिन वह अंधेरे और जंगल का लाभ उठाकर फरार हो गया।
वहीं पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन चालक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम योगेन्द्र सिंह उर्फ जोनी पिता गोपाल सिंह राठौड़, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम सूंपा, थाना केकड़ी सदर, जिला अजमेर (राजस्थान) बताया। फरार व्यक्ति का नाम गणेश पिता हेमराज धाकड़, निवासी ग्राम कांकड़िया तलाई, थाना रतनगढ़, जिला नीमच बताया गया।
वाहन की तलाशी लेने पर 07 काले रंग के प्लास्टिक कट्टों में कुल 141 किलो 800 ग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त करते हुए आरोपी योगेन्द्र सिंह उर्फ जोनी राठौड़ को गिरफ्तार कर लिया।
जब्त मश्रुका
141 किलो 800 ग्राम डोडाचूरा — अनुमानित कीमत ₹21 लाख 27 हजार
बोलेरो नियो कार — अनुमानित कीमत ₹8 लाख
3 एंड्रॉयड मोबाइल — कीमत ₹30 हजार
कुल जब्त सामग्री की कीमत करीब ₹29 लाख 57 हजार बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपी: योगेन्द्र सिंह उर्फ जोनी पिता गोपाल सिंह राठौड़, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम सूंपा, थाना केकड़ी सदर, जिला अजमेर (राजस्थान)।
फरार आरोपी: गणेश पिता हेमराज धाकड़, निवासी ग्राम कांकड़िया तलाई, थाना रतनगढ़, जिला नीमच।
उक्त कार्रवाई में निरीक्षक भूरालाल भाबर, थाना प्रभारी रतनगढ़ एवं पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा फरार आरोपी की तलाश एवं मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।