BREAKING NEWS
    मालवा क्राइम न्यूज़

    टेंट कारोबारी के घर में घुसा मगरमच्छ, सीढ़ियों पर देख परिवार में मचा हड़कंप

     


    मंदसौर। जिले के नारायणगढ़ में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक विशाल मगरमच्छ रिहायशी इलाके में पहुंच गया और टेंट व्यवसायी शैलेंद्र पाटीदार के घर की सीढ़ियों तक जा पहुंचा। मगरमच्छ को घर के पास देखकर परिवार के सदस्यों में दहशत फैल गई। हालांकि समय रहते इसकी जानकारी मिल जाने से कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।

    जानकारी के अनुसार, घटना रविवार सुबह करीब 7.30 बजे की है। शैलेंद्र पाटीदार के परिवार की नजर जब घर की सीढ़ियों पर बैठे मगरमच्छ पर पड़ी तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए।

    ग्रामीणों ने बताया कि घर के समीप स्थित नाले में जलभराव के कारण मगरमच्छ पानी से निकलकर आबादी क्षेत्र में पहुंच गया होगा। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी।

    वन विभाग की टीम ने एक घंटे की मशक्कत के बाद पकड़ा-

    सूचना मिलने पर डिप्टी रेंजर सुनील जैन एवं वनरक्षक मयूर चौहान के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की सहायता से टीम ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया गया।

    शिवना नदी में सुरक्षित छोड़ा गया-
    जिला वन अधिकारी संजय रायखेरे ने बताया कि वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर उसे मुंदड़ी गांव के समीप शिवना नदी में सुरक्षित छोड़ दिया है। वन विभाग ने आमजन से अपील की है कि बारिश के मौसम में यदि कोई वन्यजीव आबादी क्षेत्र में दिखाई दे तो उसके पास जाने या छेड़छाड़ करने से बचें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि वन्यजीव को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया जा सके।

    Post a Comment

    Previous Post Next Post

    WhatsApp Channel Join

    व्हाट्सअप पर जुडें !

    Join Facebook Page

    फेसबुक पर जुडें !