मंदसौर जिले के थाना अफजलपुर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना नंबर के ट्रैक्टर से स्कीम बनाकर ले जाए जा रहे 76 किलो 410 ग्राम डोडाचूरा को जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल एवं एसडीओपी ग्रामीण कीर्ति बघेल के निर्देशन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश मालवीय के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक बिना नंबर का लाल रंग का महिंद्रा 275 DI XP ट्रैक्टर दलौदा से सीतामऊ होते हुए राजस्थान की ओर डोडाचूरा की खेप लेकर जा रहा है।
सूचना पर पुलिस ने नाकाबंदी की। संदिग्ध ट्रैक्टर को रोककर तलाशी लेने पर उसके पीछे के बड़े टायरों में विशेष तरीके से छिपाकर रखे गए प्लास्टिक के कट्टों से 76.410 किलोग्राम पिसा हुआ अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिनेश पिता सुरता राम विश्नोई, निवासी कोटड़ा, थाना रानीवाड़ा, जिला जालौर (राजस्थान) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से:
76.410 किलोग्राम डोडाचूरा (अनुमानित कीमत ₹1.55 लाख)
बिना नंबर का महिंद्रा ट्रैक्टर (कीमत लगभग ₹3 लाख)
एक वीवो मोबाइल फोन जब्त किया है।
आरोपी के विरुद्ध थाना अफजलपुर में अपराध क्रमांक 206/2026 के तहत धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपी से मादक पदार्थ के खरीदार, सप्लायर एवं तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश मालवीय एवं थाना अफजलपुर की पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।