नीमच। थाना नीमच केंट पुलिस ने शहर में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लगभग 2 लाख रुपये कीमत की 4 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त 2026 को फरियादी दीपक डगवार ने थाना नीमच केंट में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह कोटक महिंद्रा बैंक, नीमच में कार्यरत है। कार्यालय के बाहर खड़ी उसकी मोटरसाइकिल अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गए। इस पर थाना नीमच केंट में प्रकरण क्रमांक 401/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे लगभग 100 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साइबर सेल नीमच की तकनीकी सहायता और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने साहिल पिता अय्यूब पठान, निवासी एकता कॉलोनी, नीमच को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर बाइक चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखी गई 4 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख रुपये है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी दिन के समय शहर में घूमकर विशेष रूप से पुरानी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाता था। वारदात के दौरान वह और उसका साथी चेहरा ढंककर तथा सीसीटीवी कैमरों से बचते हुए चोरी की घटना को अंजाम देते थे।
मामले में आरोपी का साथी गोलू निवासी निम्बाहेड़ा अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस चोरी के अन्य मामलों में भी आरोपी से पूछताछ कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ शर्मा के नेतृत्व में प्र.आर. योगेन्द्र सिंह, आरक्षक मधुसूदन बेरागी, राहुल सोलंकी, सोनेन्द्र, सर्वेश, आशुतोष, चालक धीरेन्द्र तथा साइबर सेल नीमच की महत्वपूर्ण भूमिका रही।