BREAKING NEWS
    मालवा क्राइम न्यूज़

    सीबीएन द्वारा चित्तौड़गढ़ में 22,000 ट्रामाडोल टैबलेट एवं 190 ग्राम अफीम युक्त गोलियां जब्त; 04 आरोपी गिरफ्तार*

    नीमच | 08 अगस्त 2026

    नशा-मुक्त भारत अभियान के तहत मादक पदार्थों एवं अवैध मन:प्रभावी औषधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे निरंतर अभियान में *केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) मध्यप्रदेश इकाई* ने 07 अगस्त 2026 को राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए कुल 22,000 ट्रामाडोल टैबलेट तथा 190 ग्राम अफीम युक्त गोलियां जब्त कर 04 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।

    *पहली कार्रवाई: 12,000 ट्रामाडोल टैबलेट जब्त, 02 गिरफ्तार*

    दिनांक 07.08.2026 को प्राप्त विशिष्ट आसूचना के आधार पर *मध्यप्रदेश के उपनारकोटिक्स आयुक्त के कार्यालय* की टीम द्वारा चित्तौड़गढ़ जिले के भदेसर तहसील अंतर्गत ग्राम करौली में होटल श्री बाबा रामदेव फैमिली रेस्टोरेंट के पास चिकारड़ा-मंडफिया मार्ग पर निगरानी एवं जांच की कार्रवाई की गई।

    इसी दौरान चिकारड़ा की ओर से आ रही एक बस को रोककर उसमें यात्रा कर रहे दो संदिग्ध यात्रियों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दोनों के पास मौजूद दो बैकपैक बैगों से कुल 12,000 ट्रामाडोल टैबलेट (मनःप्रभावी दवा) बरामद की गईं।

    पूछताछ के दौरान दोनों व्यक्ति उक्त मन:प्रभावी पदार्थ के कब्जे एवं परिवहन के संबंध में कोई वैध दस्तावेज अथवा प्राधिकरण प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके पश्चात दोनों व्यक्तियों को मौके पर गिरफ्तार कर बरामद मन:प्रभावी पदार्थ को NDPS Act, 1985 के प्रासंगिक प्रावधानों के अंतर्गत जब्त किया गया।

    दूसरी कार्रवाई: 10,000 ट्रामाडोल टैबलेट एवं 190 ग्राम अफीम युक्त गोलियां जब्त, 02 गिरफ्तार

    एक अन्य विशिष्ट आसूचना के आधार पर *मध्यप्रदेश के उपनारकोटिक्स आयुक्त के कार्यालय* की टीम ने दिनांक 07.08.2026 को राजस्थान के जिला चित्तौड़गढ़ स्थित होटल चेतक पैलेस, भादसोड़ा रोड, मंडफिया के कमरा नंबर 104 की तलाशी ली।

    तलाशी के दौरान कमरे में रखे एक नीले रंग के ट्रॉली बैग से 10,000 ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड टैबलेट, कुल वजन 08 किलोग्राम, तथा 190 ग्राम अफीम युक्त ‘कामिनी विद्रावण रस’ गोलियां बरामद की गईं।

    कमरे में मौजूद दोनों व्यक्ति बरामद औषधियों एवं मादक पदार्थ के संबंध में कोई वैध दस्तावेज अथवा कानूनी प्राधिकरण प्रस्तुत नहीं कर सके। दोनों व्यक्तियों को मौके पर गिरफ्तार कर बरामद पदार्थ को NDPS Act, 1985 के अंतर्गत जब्त किया गया।

    कुल बरामदगी एवं गिरफ्तारी

    दोनों स्वतंत्र कार्रवाइयों में CBN नीमच की टीम द्वारा कुल:

    * ट्रामाडोल टैबलेट – 22,000
    * अफीम युक्त गोलियां – 190 ग्राम
    * कुल गिरफ्तार व्यक्ति – 04

    बरामद किए गए मादक एवं मन:प्रभावी पदार्थों को विधि सम्मत कार्रवाई के तहत जब्त किया गया है।

    दोनों मामलों में आगे की जांच जारी है। सीबीएन द्वारा भारत को नशामुक्त बनाने के लिए अवैध मादक पदार्थों एवं मन:प्रभावी औषधियों के अवैध व्यापार एवं तस्करी के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा।

    Post a Comment

    Previous Post Next Post

    WhatsApp Channel Join

    व्हाट्सअप पर जुडें !

    Join Facebook Page

    फेसबुक पर जुडें !