नीमच/चंडीगढ़। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) की मध्य प्रदेश इकाई ने अंतर-राज्यीय फार्मास्यूटिकल डायवर्जन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन ‘वज्र 2.0’ के तहत करीब 66.80 लाख मनःप्रभावी गोलियां जब्त की हैं। कार्रवाई 27-28 अगस्त 2026 को उप नारकोटिक्स आयुक्त कार्यालय, मध्य प्रदेश इकाई, नीमच द्वारा विकसित विशेष खुफिया सूचना के आधार पर की गई। मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त SML Isuzu Sartaj ट्रक को भी जब्त किया गया है।
120 मास्टर कार्टनों में मिलीं 66,79,980 गोलियां
CBN को पंजाब-हिमाचल कॉरिडोर से अवैध फार्मास्यूटिकल खेप के अंतर-राज्यीय परिवहन की सूचना मिली थी। इसके आधार पर चंडीगढ़-बद्री अंतर-राज्यीय मार्ग पर निगरानी रखी गई। 27 अगस्त की रात उत्तर प्रदेश पंजीकरण वाले SML Isuzu Sartaj ट्रक को रोका गया और उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाकर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान ट्रक से 120 मास्टर कार्टनों में कुल 66,79,980 मनःप्रभावी गोलियां बरामद हुईं। इनमें—
- अल्प्राजोलम – 59,08,100 गोलियां
- ट्रामाडोल – 7,47,780 गोलियां
- नाइट्राजेपाम – 23,700 गोलियां
- क्लोनाजेपाम – 400 गोलियां
शामिल हैं।
प्रेस नोट के अनुसार, खेप के संबंध में आवश्यक वैधानिक दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे। कार्टनों पर “Not to be sold in Punjab Haryana State” अंकित था।
चालक गिरफ्तार, नेटवर्क की जांच जारी
CBN ने वाहन चालक को NDPS Act, 1985 की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया है। पूरी खेप और ट्रक को भी NDPS Act के प्रावधानों के तहत जब्त किया गया है।
CBN द्वारा अब इस अंतर-राज्यीय फार्मास्यूटिकल डायवर्जन रैकेट के निर्माण, आपूर्ति और वितरण नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच की जा रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में मनःप्रभावी दवाएं कहां से हासिल की गईं और इन्हें किन राज्यों या नेटवर्क तक पहुंचाया जाना था।
2026 में CBN की कार्रवाई का प्रदर्शन
CBN के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत 197 मामले दर्ज, 6 अवैध ड्रग लैब ध्वस्त तथा बड़ी संख्या में आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। इस दौरान लगभग 12.72 करोड़ मनःप्रभावी औषधियां (गोलियां/कैप्सूल) जब्त किए जाने की जानकारी दी गई है।
केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने कहा कि वह ‘नशा मुक्त भारत’ के संकल्प के प्रति प्रतिबद्ध है और नारकोटिक ड्रग्स एवं मनःप्रभावी पदार्थों की अवैध तस्करी तथा वैध फार्मास्यूटिकल चैनल से इनके डायवर्जन के खिलाफ खुफिया जानकारी आधारित कार्रवाई लगातार जारी रखे हुए है।
CBN राजस्व विभाग, वित्त मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत कार्यरत विशेषीकृत संगठन है। यह वैध अफीम पोस्त की खेती के विनियमन एवं निगरानी के साथ-साथ नारकोटिक ड्रग्स और मनःप्रभावी पदार्थों के अवैध चैनलों में डायवर्जन को रोकने के लिए प्रवर्तन कार्रवाई करता है।