नीमच/मनासा। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ नीमच पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत कंजार्डा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर एक बोलेरो कैंपर से 21 कट्टों में भरा 424 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया। तस्करी के दौरान बोलेरो की पायलटिंग कर रही मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने जब्त किया है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
यह कार्रवाई मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप प्रदेश को नशामुक्त बनाने एवं युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार नीमच पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक नीमच राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी मनासा श्रीमती शाबेरा अंसारी के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
थाना मनासा प्रभारी निरीक्षक निलेश अवस्थी के नेतृत्व में पुलिस चौकी कंजार्डा को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक बोलेरो कैंपर में भारी मात्रा में अवैध डोडाचूरा भरकर तस्करी के लिए ले जाया जा रहा है। उक्त वाहन के आगे एक मोटरसाइकिल सवार पायलटिंग कर रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और संभावित मार्ग पर घेराबंदी कर वाहन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध बोलेरो कैंपर और उसके आगे चल रही मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान बोलेरो कैंपर में 21 कट्टों में कुल 424 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने डोडाचूरा सहित तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो कैंपर और पायलटिंग में इस्तेमाल मोटरसाइकिल को जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
1. श्यामलाल पिता हजारीलाल गुर्जर, निवासी ग्राम तामोटी, थाना कुकड़ेश्वर
2. दशरथ पिता सूरजमल भील, निवासी ग्राम तामोटी, थाना कुकड़ेश्वर
3. रतन पिता भाना भील, निवासी ग्राम तामोटी, थाना कुकड़ेश्वर
यह सामग्री हुई जब्त
- 424 किलोग्राम डोडाचूरा, 21 कट्टों में
- एक बोलेरो कैंपर, तस्करी में प्रयुक्त
- एक मोटरसाइकिल, पायलटिंग में प्रयुक्त
पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ कर डोडाचूरा तस्करी से जुड़े लिंकेज और नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
सराहनीय भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना मनासा प्रभारी निरीक्षक निलेश अवस्थी, चौकी प्रभारी कंजार्डा एवं पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।