BREAKING NEWS
    मालवा क्राइम न्यूज़

    09 अक्टूबर को जिलेभर में मनाया जाएगा राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस, 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों एवं पात्र लाभार्थियों को खिलाई जाएगी एलबेंडाजोल की गोली, स्वास्थ्य विभाग ने की जागरूकता की अपील

    मंदसौर। कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. द्विवेदी के सानिध्य में संपूर्ण मंदसौर जिले में 09 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान 1 से 19 वर्ष तक के बालक-बालिकाओं, किशोर-किशोरियों सहित पात्र लाभार्थियों को एलबेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी।

    राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का उद्देश्य बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को कृमि संक्रमण से बचाव, कुपोषण की रोकथाम तथा जनस्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखना है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिलेभर में अभियान को लेकर व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।

    स्वास्थ्य विभाग के समर्पित कार्यकर्ता श्री जगदीश खींची सहित विभागीय कर्मचारी गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों को एलबेंडाजोल की गोली के लाभ एवं कृमि संक्रमण से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दे रहे हैं। आमजन को अभियान में सहभागिता के लिए जागरूक किया जा रहा है।

    जिले के निंबोद, दलौदा, धुंधड़का, नगरी, मल्हारगढ़, शामगढ़, भानपुरा, संधारा, गांधीसागर, सीतामऊ, सुवासरा, गरोठ, खड़ावदा, बोलिया, पिपलियामंडी, कंघटी, नारायणगढ़, भावगढ़ सहित विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर अभियान के तहत आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

    मॉप-अप दिवस पर छूटे लाभार्थियों को मिलेगी गोली

    जो लाभार्थी 09 अक्टूबर 2026 को किसी कारणवश एलबेंडाजोल की गोली लेने से छूट जाएंगे, उन्हें मॉप-अप दिवस के दौरान गोली खिलाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को अभियान के दौरान आवश्यक रूप से एलबेंडाजोल की गोली खिलवाएं।

    स्वास्थ्य विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि एलबेंडाजोल की गोली खाली पेट नहीं खिलाई जाए। वहीं बुखार या गंभीर बीमारी की स्थिति में गोली देने से पहले चिकित्सक से परामर्श लेने की सलाह दी गई है।

    श्री जगदीश खींची ने आमजन के साथ-साथ सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों, शिक्षकगण, पत्रकार बंधुओं एवं जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के प्रति जागरूक करें और बच्चों को एलबेंडाजोल की गोली खिलाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार गांव-गांव पहुंचकर लोगों को अभियान का संदेश दे रही है, ताकि कोई भी पात्र बच्चा या लाभार्थी इस अभियान से वंचित न रहे।

    नरसिंह खिची, मंदसौर | संपादक, मालवा क्राइम न्यूज़

    Post a Comment

    Previous Post Next Post

    WhatsApp Channel Join

    व्हाट्सअप पर जुडें !

    Join Facebook Page

    फेसबुक पर जुडें !