BREAKING NEWS
    मालवा क्राइम न्यूज़

    🚨 गरोठ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 220 किलो डोडाचूरा जब्त, प्लास्टिक की खाली कैरेटों के नीचे छिपाकर हो रही थी तस्करी, पंजाब में रह रहे दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार; पिकअप सहित 14.64 लाख रुपये का मशरूका जब्त

    मंदसौर। दिनांक 18 अक्टूबर 2026।

    मंदसौर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गरोठ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 220 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही पिकअप में प्लास्टिक की 40 खाली कैरेट रखी गई थीं, जिनके नीचे 11 काले प्लास्टिक के कट्टों में डोडाचूरा छिपाकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पिकअप वाहन, दो मोबाइल फोन और खाली कैरेट सहित कुल 14 लाख 64 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है।

    मुखबिर की सूचना पर की कार्रवाई

    पुलिस प्रेस नोट के अनुसार, मंदसौर पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ श्री रामसनेही मिश्रा एवं एसडीओपी गरोठ श्री विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी गरोठ उपनिरीक्षक बलवीरसिंह यादव के निर्देशन में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

    दिनांक 18 अक्टूबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की पिकअप क्रमांक T0726PB5198E में प्लास्टिक की खाली कैरेटों के नीचे कट्टों में डोडाचूरा छिपाकर पिपल्या जत्ती की ओर से गरोठ होते हुए 8-लेन की तरफ ले जाया जा रहा है।

    सूचना पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए संदिग्ध पिकअप को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान 11 काले प्लास्टिक के कट्टों में भरा कुल 220 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मादक पदार्थ एवं तस्करी में प्रयुक्त वाहन जब्त कर लिया।

    उत्तर प्रदेश के निवासी, पंजाब में रह रहे थे आरोपी

    पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेन्द्रसिंह पिता रामेश्वर, उम्र 26 वर्ष, निवासी चंदोई, थाना इस्लामनगर, जिला बदायूं, उत्तर प्रदेश, वर्तमान निवासी मोजुवाल, जिला रूपनगर (रूपड़), पंजाब तथा रामशरन पिता दयाराम, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम लावर, थाना गुन्नौर, जिला संभल, उत्तर प्रदेश, वर्तमान निवासी लोगड़, जिला मोहाली, पंजाब के रूप में की है।

    14.64 लाख रुपये का मशरूका जब्त

    गरोठ पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में निम्नलिखित सामग्री जब्त की गई है—

    - 220 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा — कीमत 4 लाख 40 हजार रुपये।
    - मारुति पिकअप वाहन — कीमत 10 लाख रुपये।
    - एक AI कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल — कीमत 10 हजार रुपये।
    - एक वीवो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल — कीमत 10 हजार रुपये।
    - प्लास्टिक की 40 खाली कैरेट — कीमत 4 हजार रुपये।

    इस प्रकार पुलिस ने कुल 14 लाख 64 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है।

    एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

    पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर थाने लेकर पहुंची, जहां थाना गरोठ में अपराध क्रमांक 423/2026, धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से जब्त डोडाचूरा के स्रोत एवं तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

    पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

    इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गरोठ उपनिरीक्षक बलवीरसिंह यादव, सहायक उपनिरीक्षक बलवानसिंह देवड़ा एवं पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

    नरसिंह खिची, संपादक
    मालवा क्राइम न्यूज़

    Post a Comment

    Previous Post Next Post

    WhatsApp Channel Join

    व्हाट्सअप पर जुडें !

    Join Facebook Page

    फेसबुक पर जुडें !