BREAKING NEWS
    मालवा क्राइम न्यूज़

    मकान बेचने के पैसों के लालच में ईस्माईल उर्फ भुरा की हत्या, भाई-पत्नी गिरफ्तार,साले की तलाश जारी; हत्या के बाद भाई खुद फरियादी बनकर पहुंचा था थाने

    मंदसौर। नई आबादी पुलिस ने मदारपुरा निवासी ईस्माईल उर्फ भुरा की हत्या के अंधे कत्ल का 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार मकान बेचने से मिलने वाले पैसों के लालच और पारिवारिक विवाद के चलते मृतक के भाई, पत्नी और साले ने मिलकर उसकी हत्या की। पुलिस ने मामले में मृतक के भाई और पत्नी को गिरफ्तार किया है, जबकि तीसरा आरोपी साला फरार है।

    पुलिस के मुताबिक 15 सितंबर 2026 को मोहम्मद ईशाक निवासी मदारपुरा ने सूचना दी थी कि उसका भाई ईस्माईल उर्फ भुरा (32) खिलचीपुरा से नालछा माता मंदिर रोड पर अचेत अवस्था में पड़ा है। डायल-112 की मदद से उसे जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच के बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

    मकान विवाद और पारिवारिक कलह बनी हत्या की वजह

    पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी भाई मकान बेचना चाहता था, लेकिन ईस्माईल इसकी सहमति नहीं दे रहा था। दूसरी ओर, पुलिस के अनुसार मृतक की पत्नी भी उसके शराब पीकर घर में विवाद और मारपीट करने से परेशान थी। इसी पारिवारिक विवाद और पैसों के लालच के चलते हत्या की साजिश रची गई।

    पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों ने मिलकर पहले ईस्माईल के सिर पर डंडे से वार किया और बाद में गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद साक्ष्य मिटाने और पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से शव को घटनास्थल से हटाकर खिलचीपुरा से नालछा माता मंदिर रोड के पास सुनसान स्थान पर फेंक दिया गया।

    पुलिस को गुमराह करने खुद फरियादी बनकर पहुंचा भाई

    हत्या के बाद आरोपी भाई स्वयं फरियादी बनकर थाने पहुंचा और मामले की रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र, घटनास्थल के भौतिक सत्यापन और फरियादी बने भाई से पूछताछ के आधार पर उसकी संदिग्ध गतिविधियों को जांच के दायरे में लिया। इसके बाद पुलिस ने हत्याकांड की कड़ियां जोड़ते हुए 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया।

    दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

    पुलिस ने मामले में—

    1. मोहम्मद ईशाक पिता अलीमुद्दीन मेव, उम्र 30 वर्ष, निवासी मदारपुरा, थाना कोतवाली, जिला मंदसौर।

    2. मुस्कान पति ईस्माईल मेवाती, उम्र 24 वर्ष, निवासी मदारपुरा, थाना कोतवाली, जिला मंदसौर।

    को गिरफ्तार किया है।

    वहीं हत्या में शामिल बताए जा रहे शाकिर पिता बब्बू खां मेव, निवासी नई फतेहगढ़, जिला मंदसौर, घटना के बाद से फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

    पुलिस टीम की अहम भूमिका

    कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक जितेंद्रसिंह भास्कर के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी नई आबादी उनि कुलदीपसिंह राठौर के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा किया।

    Post a Comment

    Previous Post Next Post

    WhatsApp Channel Join

    व्हाट्सअप पर जुडें !

    Join Facebook Page

    फेसबुक पर जुडें !