मंदसौर। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत मंदसौर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में थाना अफजलपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 60 किलो 100 ग्राम अवैध डोडाचूरा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त सफेद रंग की ब्रेजा कार क्रमांक GJ08CC2439 भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार 16 सितंबर 2026 को थाना अफजलपुर पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि उक्त ब्रेजा कार में दो व्यक्ति डोडाचूरा लेकर डिगांव होते हुए सीतामऊ की ओर जाने वाले हैं। सूचना पर थाना प्रभारी उप निरीक्षक विकास गेहलोत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कमालपुरा फंटा, ग्राम बिलात्री के पास नाकाबंदी की।
नाकाबंदी के दौरान मुखबिर के बताए हुलिए की ब्रेजा कार दिखाई दी। पुलिस ने कार को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने वाहन को कमालपुरा की ओर मोड़ दिया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम लखन पिता सुंदरलाल, उम्र 25 वर्ष, निवासी निम्बाखेड़ी, थाना दलौदा, जिला मंदसौर बताया। वहीं को-ड्राइवर सीट पर बैठे व्यक्ति ने अपना नाम अरविन्द पिता राधाकिशन, उम्र 25 वर्ष, निवासी काजली, थाना रठांजना, जिला प्रतापगढ़, राजस्थान बताया।
कार की तलाशी लेने पर डिक्की में तीन काले रंग के कट्टे मिले, जिनमें कुल 60 किलो 100 ग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध थाना अफजलपुर में धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों से मादक पदार्थ के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
जब्त सामग्री
- डोडाचूरा: 60 किलो 100 ग्राम, अनुमानित कीमत ₹1.20 लाख
- ब्रेजा कार: क्रमांक GJ08CC2439, अनुमानित कीमत ₹6 लाख
गिरफ्तार आरोपी
1. लखन पिता सुंदरलाल, उम्र 25 वर्ष, निवासी निम्बाखेड़ी, थाना दलौदा, जिला मंदसौर।
2. अरविन्द पिता राधाकिशन, उम्र 25 वर्ष, निवासी काजली, थाना रठांजना, जिला प्रतापगढ़, राजस्थान।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी लखन के विरुद्ध पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट से संबंधित प्रकरण दर्ज होना बताया गया है।
कार्रवाई में इनकी रही भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी अफजलपुर उप निरीक्षक विकास गेहलोत एवं अफजलपुर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।