नीमच। अवैध मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे स्थायी एवं फरारी वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिंगोली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में पिछले 7 वर्षों से फरार चल रहे ₹5,000 के इनामी स्थायी गिरफ्तारी वारंटी को राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, नीमच पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल तथा जावद एसडीओपी हर्ष राठौर के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
सिंगोली थाना पुलिस टीम ने विशेष न्यायालय एनडीपीएस एक्ट जावद के प्रकरण क्रमांक 07/20 एवं अपराध क्रमांक 164/19, धारा 8/18, 25, 29 एनडीपीएस एक्ट में 7 वर्षों से फरार चल रहे स्थायी गिरफ्तारी वारंटी पप्पू पिता टेकचंद जाट, उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम रूपाखेड़ी, थाना भदेसर, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) को गिरफ्तार किया।
वारंटी की गिरफ्तारी थाना भदेसर पुलिस की मदद से की गई। आरोपी पर पुलिस द्वारा ₹5,000 का इनाम घोषित था।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई में थाना सिंगोली के प्रधान आरक्षक विशाल गंगवाल, आरक्षक अमित सिंह सख्तावत एवं आरक्षक महेंद्र कछावा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। साथ ही थाना भदेसर प्रभारी विनोद मेनारिया तथा आरक्षक अरविंद, रतन सिंह, आनंद एवं राजेंद्र का भी सहयोग रहा।