BREAKING NEWS
    मालवा क्राइम न्यूज़

    कुर्सी छोड़ी, जमीन पर बैठे कलेक्टर; जनसंवाद में 200 से अधिक आवेदन, 100 का मौके पर निराकरण , मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत बूढ़ा में ‘संवाद से समाधान’ कार्यक्रम आयोजित, उद्योगपतियों से भी हुआ संवाद

    मंदसौर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को ग्राम बूढ़ा में ‘संवाद से समाधान’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। इस दौरान 200 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से करीब 100 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया।

    कार्यक्रम के दौरान मंदसौर कलेक्टर दिव्यांक सिंह का सादगीपूर्ण और सहज अंदाज देखने को मिला। कलेक्टर ने औपचारिक कुर्सी-टेबल से अलग हटकर आमजन के बीच जमीन पर बैठकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

    न टेबल, न कुर्सी, सीधे जनता के बीच बैठे कलेक्टर

    ग्राम बूढ़ा में आयोजित जनसंवाद के दौरान कलेक्टर दिव्यांक सिंह आमजन के बीच जमीन पर बिछाई गई बिछात पर बैठकर लोगों की समस्याएं सुनते नजर आए। कलेक्टर को अपने बीच इस तरह सहजता से बैठा देखकर ग्रामीणों ने भी बिना संकोच अपनी समस्याएं रखीं।

    कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से चर्चा कर कई मामलों का मौके पर ही समाधान करवाया। कलेक्टर के इस व्यवहार की ग्रामीणों और उपस्थित लोगों ने सराहना की।

    सड़क से अतिक्रमण हटाने और बायपास निरस्त करने की मांग

    कार्यक्रम में बूढ़ा ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने सड़क पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की मांग को लेकर आवेदन सौंपा। ग्रामीणों का कहना था कि सड़क पर अतिक्रमण के कारण आए दिन यातायात बाधित होता है और चक्काजाम जैसी स्थिति बनती रहती है।

    इसके अलावा ग्रामीणों ने बूढ़ा क्षेत्र से जुड़े बायपास को निरस्त करने की मांग भी प्रशासन के समक्ष आवेदन के माध्यम से रखी। ग्रामीणों ने क्षेत्र की अन्य स्थानीय समस्याओं से भी अधिकारियों को अवगत कराया।

    उद्योगपतियों से हुआ संवाद

    मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत उद्यम संवाद भी आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र के उद्योगपतियों ने अपनी समस्याएं और सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे। इस दौरान नए उद्योगों के संचालन और स्थापना में आ रही समस्याओं पर चर्चा की गई।

    अधिकारियों ने उद्योगपतियों को आश्वस्त किया कि नए उद्योगों के संचालन में आने वाली समस्याओं का नियमानुसार निराकरण किया जाएगा तथा आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

    ये अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

    कार्यक्रम में कलेक्टर दिव्यांक सिंह, जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन, मल्हारगढ़ एसडीएम स्वाति तिवारी, मल्हारगढ़ एसडीओपी पिंटू बघेल, मल्हारगढ़ जनपद सीईओ निर्देशक शर्मा,जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि कन्हैया लाल पाटीदार, तहसीलदार पंकज जाट, नायब तहसीलदार वंदना हरित, संजीत टप्पा नायब तहसीलदार राहुल डाबर, सरपंच विष्णु कुंवर, राजेश पाटीदार बूढ़ा, राजकुमार गौड़, अमृत राम सरपंच काल्याखेड़ी, रमेश सेन, रघुवीर सिंह, सागरमल पाटीदार, पिछड़ा मोर्चा बूढ़ा मंडल अध्यक्ष, सुनील राठौर, गोपालदास बैरागी, दीपक पाटीदार सहित सरपंच-सचिव एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

    व्यवहार से पैदा होता है विश्वास

    मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित कर लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। बूढ़ा में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर का आमजन के बीच जमीन पर बैठकर समस्याएं सुनना इस उद्देश्य को प्रभावी रूप से जमीन पर उतारता नजर आया।

    कुर्सी और प्रोटोकॉल से अलग हटकर जनता के बीच बैठकर उनकी बात सुनते कलेक्टर की तस्वीर कार्यक्रम में चर्चा का विषय रही। कहा भी जाता है कि विश्वास केवल आदेश से नहीं, बल्कि व्यवहार से पैदा होता है। ग्राम बूढ़ा में कलेक्टर दिव्यांक सिंह का यह सहज अंदाज प्रशासन और जनता के बीच विश्वास की एक तस्वीर बनकर सामने आया।

    Post a Comment

    Previous Post Next Post

    WhatsApp Channel Join

    व्हाट्सअप पर जुडें !

    Join Facebook Page

    फेसबुक पर जुडें !