नीमच, 20 अगस्त 2026। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN), मध्यप्रदेश इकाई ने मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1,146.460 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान राजस्थान नंबर के एक टाटा ट्रक को भी जब्त किया गया तथा उसके चालक एवं एकमात्र सवार व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।
CBN को सूचना मिली थी कि बेगूं क्षेत्र से कटुन्दा मोड़ होते हुए मारवाड़ की ओर टाटा ट्रक से डोडाचूरा की अवैध खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर उप नारकोटिक्स आयुक्त कार्यालय के अधिकारियों की विशेष टीम गठित कर 20 अगस्त की तड़के संदिग्ध मार्ग पर रवाना किया गया।
टीम ने रायता से कटुन्दा मोड़ की ओर जा रहे राजस्थान पंजीयन वाले संदिग्ध टाटा ट्रक को रणनीतिक रूप से रोक लिया। तलाशी के दौरान ट्रक बॉडी पर लगे लकड़ी के पट्टों और काले तिरपाल को हटाने पर 57 प्लास्टिक कट्टों में कुल 1,146.460 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ।
मौके से पकड़े गए आरोपी की पहचान राजस्थान के भीलवाड़ा निवासी के रूप में हुई। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद डोडाचूरा और तस्करी में प्रयुक्त ट्रक को जब्त कर आरोपी को NDPS Act, 1985 की संबंधित धाराओं में गिरफ्तार किया गया।
CBN द्वारा मामले में आगे की जांच की जा रही है। जांच के जरिए तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों और पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
CBN की इस कार्रवाई को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता माना जा रहा है।