मंदसौर। वायडी नगर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए महू-नीमच फोरलेन हाईवे से पांच अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पांच पिठ्ठू बैगों में भरा कुल 67.38 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है, जब्त किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी पंजाब और हरियाणा राज्यों के रहने वाले हैं और डोडाचूरा लेकर जा रहे थे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को मौके से दबोच लिया। आरोपियों के कब्जे से डोडाचूरा के अलावा तीन एंड्रॉयड मोबाइल और एक कीपैड मोबाइल भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लवदीपसिंह (22), राजिन्दरसिंह (58), गुरप्रित (29), अंग्रेजसिंह उर्फ गेजसिंह (23) और हरिन्दरपालसिंह उर्फ काला (42) के रूप में की है। इनमें चार आरोपी पंजाब तथा एक आरोपी हरियाणा का निवासी बताया गया है।
मनासा से पंजाब-हरियाणा ले जाने की आशंका
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी डोडाचूरा कहां से लेकर आए थे और इसे किसे सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक आरोपी इसे नीमच जिले के मनासा क्षेत्र से पंजाब और हरियाणा ले जाने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले ही वायडी नगर पुलिस ने कार्रवाई कर उनके मंसूबे विफल कर दिए।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना वायडी नगर मंदसौर में अपराध क्रमांक 363/26, धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब मादक पदार्थ के स्रोत और संभावित सप्लाई नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस टीम की भूमिका
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीणा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. बघेल एवं सीएसपी मंदसौर जितेन्द्र भास्कर के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी शिवांशु मालवीय के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में सउनि जगदीश ठाकुर, प्र.आर. मनीष लबाना, अरविन्द पुरोहित, आरक्षक अमित पांचाल, नीरजसिंह, राजेन्द्र मेघवाल, सुधीर राठौर एवं सुन्दरसिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा।