मंदसौर। थाना दलौदा पुलिस ने फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मुंबई महाराष्ट्र से एक स्थाई वारंटी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय कुटुम्ब न्यायालय मंदसौर के समक्ष प्रस्तुत किया।
पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल एवं एसडीओपी मंदसौर कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी दलौदा उपनिरीक्षक रविन्द्र प्रताप डांगी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार माननीय प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय मंदसौर के प्रकरण क्रमांक 291/19, धारा 125(3) दंड प्रक्रिया संहिता में श्रीमती हिना विरुद्ध सद्दाम प्रकरण में अनावेदक सद्दाम पिता सत्तार मंसुरी, निवासी ग्राम अमलावद, को न्यायालय के आदेशानुसार आवेदिका को ₹2 लाख 16 हजार की भरण-पोषण राशि अदा करनी थी। राशि का भुगतान नहीं करने तथा न्यायालय में पेशी पर उपस्थित नहीं होने के कारण न्यायालय द्वारा उसे फरार घोषित कर 23 नवंबर 2023 को स्थाई वारंट जारी किया गया था।
वारंट जारी होने के बाद से आरोपी लगातार गिरफ्तारी से बचते हुए फरार चल रहा था। मुखबिर सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को आरोपी के मुंबई महाराष्ट्र में फरारी काटने की जानकारी मिली। इसके बाद दलौदा पुलिस टीम मुंबई के सील्फाटा पहुंची और आरोपी सद्दाम पिता सत्तार मंसुरी, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम अमलावद, थाना दलौदा, जिला मंदसौर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को माननीय कुटुम्ब न्यायालय मंदसौर के समक्ष प्रस्तुत किया।
सराहनीय भूमिका: कार्रवाई में थाना प्रभारी दलौदा उनि रविन्द्र प्रताप डांगी, सउनि प्रमोदसिंह तोमर एवं प्रधान आरक्षक अजितसिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।