BREAKING NEWS
    मालवा क्राइम न्यूज़

    48 घंटे में 117.54 किलो डोडाचूरा जब्त, मनासा पुलिस ने 5 तस्करों को पकड़ा

    मनासा। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मनासा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महज 48 घंटे में दो अलग-अलग मामलों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 117.54 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा तथा चार एंड्रॉइड मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त मशरूके की कुल अनुमानित कीमत 3 लाख 94 हजार 100 रुपये बताई गई है।

    पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नीमच राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं एसडीओपी मनासा शाबेरा अंसारी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश अवस्थी के नेतृत्व में की गई।

    पहली कार्रवाई में 59.740 किलो डोडाचूरा जब्त

    18 अगस्त 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर सोमदत्त उर्फ सोमू एवं सरबजीत सिंह उर्फ बबु, दोनों निवासी फाजिल्का, पंजाब, को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके बैग से 59.740 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ।

    इस मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 8/15, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार मामले में फरार आरोपी सुरजी सिंह निवासी जलालाबाद, पंजाब की तलाश जारी है।

    दूसरी कार्रवाई में 57.800 किलो डोडाचूरा बरामद

    19 अगस्त 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सतनाम सिंह, राजबिंदर सिंह और राजप्रित सिंह उर्फ टिनू को हिरासत में लिया। आरोपियों के कब्जे वाले बैगों की तलाशी में 57.800 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया गया।

    इस मामले में धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त और इसके स्रोत के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

    3.94 लाख रुपये का मशरूका जब्त

    दोनों कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल 117.54 किलोग्राम डोडाचूरा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3.10 लाख रुपये, तथा चार एंड्रॉइड मोबाइल फोन, जिनकी कीमत करीब 84,100 रुपये है, जब्त किए हैं। इस प्रकार कुल जब्त मशरूके का अनुमानित मूल्य 3,94,100 रुपये है।

    पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से मादक पदार्थ के स्रोत, खरीद-फरोख्त, परिवहन और तस्करी से जुड़े नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

    मनासा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश अवस्थी एवं उनकी टीम की सराहनीय भूमिका रही।

    Post a Comment

    Previous Post Next Post

    WhatsApp Channel Join

    व्हाट्सअप पर जुडें !

    Join Facebook Page

    फेसबुक पर जुडें !