नीमच, 8 अगस्त 2026। पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास ने शनिवार को पुलिस कंट्रोल रूम नीमच में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं चौकी प्रभारियों की मैराथन अपराध समीक्षा बैठक ली। सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक चली बैठक में जिले में लंबित अपराधों, कानून-व्यवस्था तथा पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई।
अपराधों के निराकरण की धीमी प्रक्रिया पर एसपी व्यास ने कुछ थाना प्रभारियों के प्रति नाराजगी जताते हुए कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के साथ ही आमजन के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश दिए।
महिला एवं बालिका सुरक्षा पर विशेष जोर
एसपी व्यास ने महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम के लिए सभी थाना क्षेत्रों में ‘सृजन संवाद योजना’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। पूर्व में किसी घटना से प्रभावित महिलाओं एवं बालिकाओं का मनोबल बढ़ाने के लिए ‘सम्मान’ कार्यक्रम आयोजित करने तथा महिला संबंधी अपराधों का संवेदनशीलता के साथ समय-सीमा में निराकरण करने को कहा।
साइबर फ्रॉड की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई
एसपी ने प्रत्येक थाने में स्थापित साइबर हेल्प डेस्क के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया। साइबर फ्रॉड से संबंधित शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई करने तथा पीड़ितों की राशि वापस दिलाने के प्रयास करने के निर्देश दिए। होल्ड बैंक खातों से संबंधित पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का भी निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
मादक पदार्थ तस्करों और आदतन अपराधियों पर कार्रवाई
एनडीपीएस एक्ट के मामलों में पूर्ण पारदर्शिता बरतने और प्रत्येक कार्रवाई की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को अनिवार्य रूप से देने के निर्देश दिए गए। मादक पदार्थ तस्करी में लिप्त आरोपियों के विरुद्ध सफेमा एवं पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया।
आदतन अपराधियों के रिकॉर्ड के आधार पर जिला बदर एवं रासुका की कार्रवाई करने, थाना क्षेत्रों में गुंडों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई तथा बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर बाउंड ओवर कराने के निर्देश भी दिए गए।
लंबित अपराधों और गुमशुदा बच्चों की दस्तयाबी पर जोर
एसपी ने लंबित अपराधों, लंबित मर्ग एवं लंबित चालानों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। लंबित गुम बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी के लिए अधिक से अधिक प्रयास कर उन्हें सकुशल बरामद करने को कहा।
संपत्ति संबंधी अपराधों में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मश्रुका बरामदगी, स्थाई, फरारी एवं गिरफ्तारी वारंटों की अधिक से अधिक तामीली तथा चिन्हित अपराधों में आरोपियों की जमानत निरस्तीकरण की कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
तकनीकी संसाधनों के उपयोग के निर्देश
थाना प्रभारियों को नफीस एप्लीकेशन, आईसीजेएस, क्राईमेक एवं ई-साक्ष्य एप का अधिक से अधिक उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सीएम हेल्पलाइन एवं अन्य शिकायतों का भी निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने को कहा गया।
रात्रि गश्त और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान
चोरी की घटनाओं को देखते हुए सभी थाना क्षेत्रों में रात्रि पेट्रोलिंग एवं गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए। आगामी त्योहारों को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा कानून-व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया।
वाहन चेकिंग के दौरान आमजन से सद्व्यवहार करने के निर्देश देते हुए शराब पीकर वाहन चलाने वालों, काली फिल्म लगे वाहनों, बिना नंबर के वाहनों, तीन सवारी तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करने को कहा गया।
एसपी व्यास ने थाने एवं चौकी पर आने वाले फरियादियों की समस्याओं को शांतिपूर्वक सुनकर उनका नियमानुसार निराकरण करने तथा पुलिस की कार्यप्रणाली में आमजन के प्रति संवेदनशीलता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
ये अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल, नगर पुलिस अधीक्षक सुश्री किरण चौहान, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस जावद श्री हर्ष राठौर, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मनासा श्रीमती शाबेरा अंसारी, उप पुलिस अधीक्षक महिला सुरक्षा श्रीमती निकीता सिंह, प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक सुश्री दिव्या चन्द्रवंशी सहित जिले के समस्त थाना प्रभारी एवं चौकी प्रभारी तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय की संबंधित शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे।