संपादक नरसिंह खिची
नीमच। थाना नीमच सिटी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 91 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स, 5 किलोग्राम डोडाचूरा, बिना नंबर की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया है। जब्त मशरुका की कुल कीमत करीब 10 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई 18 अगस्त 2026 की रात नीमच-मंदसौर रोड पर ग्राम हिंगोरिया स्थित दरगाह के सामने मुखबिर की सूचना पर नाकाबंदी कर की गई। पुलिस टीम ने बिना नंबर की काले रंग की होंडा मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी की जेब से सफेद प्लास्टिक की थैली में 91 ग्राम एमडी ड्रग्स तथा मोटरसाइकिल पर बंधे हरे रंग के प्लास्टिक कट्टे से 5 किलो डोडाचूरा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी की पहचान राजा पिता अब्दुल रहीम कोडा, उम्र 24 वर्ष, निवासी जामा मस्जिद के पास कोडिया देहरा मोहल्ला, ग्राम मुल्तानपुरा, थाना वायडी नगर, जिला मंदसौर के रूप में की है। पूछताछ में आरोपी ने मादक पदार्थ अपने साथी समीर पिता रफीक शाह, निवासी ईदगाह के सामने ग्राम मुल्तानपुरा, जिला मंदसौर से लाना बताया, जिसके बाद पुलिस ने समीर को प्रकरण में सहआरोपी बनाया है।
मामले में थाना नीमच सिटी पर धारा 8/15, 22, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपी से मादक पदार्थों के स्रोत और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पहले से 5 हजार रुपये का इनाम
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी राजा थाना जावद, जिला नीमच के अपराध क्रमांक 122/2025 में धारा 8/15, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
यह हुआ बरामद
- 91 ग्राम एमडी ड्रग्स — कीमत करीब 9 लाख रुपये
- 5 किलो अफीम डोडाचूरा — कीमत करीब 75 हजार रुपये
- बिना नंबर की मोटरसाइकिल — कीमत करीब 70 हजार रुपये
- एक मोबाइल फोन — कीमत करीब 5 हजार रुपये
- कुल जब्त मशरुका — करीब 10 लाख 50 हजार रुपये
पुलिस टीम की भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी नीमच सिटी निरीक्षक विजय सागरिया के नेतृत्व में थाना नीमच सिटी पुलिस टीम एवं साइबर सेल नीमच की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।