मंदसौर, 22 अगस्त 2026। नशा मुक्ति अभियान के तहत मंदसौर जिले की भानपुरा थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 480 ग्राम ब्राउन शुगर, 780 ग्राम MDMA और 5 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थों की कुल कीमत करीब 12 लाख 90 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो पुरुष और एक महिला बिना नंबर की काले रंग की Honda CD 110 मोटरसाइकिल से भवानीमंडी, राजस्थान की ओर से आकर कहीं जाने वाले हैं और उनके पास अवैध मादक पदार्थ मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने भैसोदा से भेसोदामंडी के बीच तालाब के किनारे आम रोड पर घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को पकड़ा।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 480 ग्राम ब्राउन शुगर, 780 ग्राम MDMA और 5 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थों के साथ तस्करी में प्रयुक्त Honda CD 110 मोटरसाइकिल, कीमत करीब 70 हजार रुपये, भी जब्त की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पुरन सिंह पिता गुमान सिंह, उम्र 33 वर्ष, निवासी जगदी, थाना सुवासरा; सत्यनारायण पिता बालुदास बैरागी, उम्र 38 वर्ष, निवासी जगदी, थाना सुवासरा; तथा चंद्रकला पति सत्यनारायण बैरागी, उम्र 34 वर्ष, निवासी जगदी, थाना सुवासरा के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 8/15, 21, 22 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों से बरामद मादक पदार्थों के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है। मामले में गोकुल सिंह पिता शिवसिंह, निवासी जगदी थाना सुवासरा को फरार बताया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी भानपुरा उप निरीक्षक विनय बुन्देला, उप निरीक्षक धर्मेश यादव तथा पुलिस टीम का विशेष सराहनीय योगदान रहा।