मंदसौर। भावगढ़ पुलिस ने अंतर्राज्यीय अफीम तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 3 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की है। बरामद अफीम की अनुमानित कीमत 6 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी अफीम को मोटरसाइकिल की पेट्रोल टंकी में बनाई गई गुप्त स्कीम के जरिए परिवहन कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक मंदसौर श्री विनोद कुमार मीणा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री तेर सिंह बघेल एवं प्रभारी अनुविभागीय अधिकारी ग्रामीण श्रीमती कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक वरसिंह कटारा के नेतृत्व में 8 अगस्त 2026 को पुलिस टीम को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई।
सूचना मिली थी कि काले रंग की लाल पट्टे वाली हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक TN 37 BJ 0448 पर एक व्यक्ति अफीम लेकर पिपलियामंडी से मंदसौर, नयाखेड़ा होते हुए ग्राम नन्दावता के रास्ते राजस्थान और आगे गुजरात की ओर जाने वाला है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम करजू और करनाखेड़ी के बीच स्थित शिव मंदिर के पास आम रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका। तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल की पेट्रोल टंकी में बनाई गई गुप्त स्कीम से 3 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से श्यामलाल पिता हजारी, उम्र 42 वर्ष, निवासी गुन्दा रेल, थाना कनेरा, तहसील निम्बाहेड़ा, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) को गिरफ्तार किया।
जब्त सामग्री
3 किलो अवैध अफीम — कीमत करीब 6 लाख रुपये
हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक TN 37 BJ 0448 — कीमत करीब 50 हजार रुपये
ओप्पो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल — कीमत करीब 10 हजार रुपये
आरोपी के विरुद्ध थाना भावगढ़ में अपराध क्रमांक 150/26, धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी से अफीम के स्रोत और तस्करी के नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी भावगढ़ सहित उनि सुरेंद्र सिंह सिसोदिया, प्रआर 141 राजपाल सिंह, आरक्षक 525 शुभम सिंह बुंदेला, आरक्षक 869 भूपेंद्र पाटीदार तथा प्रआर चालक 669 चंदन औझा की सराहनीय भूमिका रही।