नरसिंह खिची प्रधान संपादक
मंदसौर जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम एवं चोरी की वारदातों की पतारसी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत भैसोदामंडी चौकी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने देवनारायण मंदिर बोरदा से चोरी किए गए चांदी के सामान को महज 18 घंटे के भीतर बरामद कर लिया। मामले में चार विधि-विरुद्ध बालकों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक मंदसौर श्री विनोद कुमार मीणा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ श्री रामसनेही मिश्रा एवं एसडीओपी गरोठ श्री विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी भानपुरा उप निरीक्षक विनय कुमार बुन्देला तथा चौकी प्रभारी भैसोदामंडी उप निरीक्षक धर्मेश यादव के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
मंदिर से चोरी हुआ था चांदी का सामान
फरियादी फूलचंद पिता बरदा गुर्जर, उम्र 56 वर्ष, निवासी बोरदा ने चौकी भैसोदामंडी पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह गांव के देवनारायण मंदिर में पूजा करता है। 9 अगस्त की रात करीब 9 बजे मंदिर के पट बंद कर वह घर चला गया था। अगले दिन 10 अगस्त की सुबह सूचना मिली कि मंदिर में रखी लोहे की पेटी से भगवान देवनारायण जी का चांदी का छत्र, चांदी की आरती, चांदी की गाय, चांदी का तिलक एवं चांदी की चेन गायब है।
रिपोर्ट पर थाना शामगढ़ में अपराध क्रमांक 333/2026, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से मिली सफलता
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल माल एवं आरोपियों की पतारसी शुरू की। पुलिस ने मुखबिर सूचना, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए महज 18 घंटे के भीतर चार विधि-विरुद्ध बालकों को पुलिस अभिरक्षा में लिया।
पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी गया 174 ग्राम चांदी का मश्रुका, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपये है, बरामद किया। बरामद सामान में चांदी का छत्र, आरती, गाय, तिलक और चेन शामिल हैं।
इनका रहा विशेष योगदान
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी भानपुरा उप निरीक्षक विनय कुमार बुन्देला, चौकी प्रभारी भैसोदामंडी उप निरीक्षक धर्मेश यादव, उप निरीक्षक ओंकार सिंह ठाकुर, प्रधान आरक्षक अंतिम गौड़ एवं आरक्षक जितेन्द्र का विशेष एवं सराहनीय योगदान रहा।