BREAKING NEWS
    मालवा क्राइम न्यूज़

    पिपलियामंडी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पारदी गैंग का खुलासा — 6.50 लाख का मशरूका बरामद,सोलर प्लांट से केबल चोरी और बर्तन गोदाम में वारदात करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, 3 विधि-विरुद्ध बालक अभिरक्षा में

    मंदसौर। संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पिपलियामंडी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोलर पावर प्लांट से केबल चोरी और बर्तन गोदाम में चोरी की वारदात करने वाली शातिर पारदी गैंग का खुलासा किया है। पुलिस ने गैंग के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन विधि-विरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लिया गया है।
    पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पिपलियामंडी और वायडीनगर थाना क्षेत्र में कुल 7 चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर सोलर प्लांट की चोरी की गई केबल को जलाकर निकाला गया करीब 18 किलोग्राम तांबा, बर्तन गोदाम से चोरी किए गए करीब 2 लाख रुपये कीमत के तांबे के पुराने बर्तन व अन्य सामान तथा वारदात में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। बरामद मशरुका की कुल कीमत करीब 6.50 लाख रुपये बताई गई है।
    ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
    पुलिस के मुताबिक गैंग के सदस्य दिन में मोटरसाइकिल से घूमकर सोलर पावर प्लांट, सुनसान मकान, गोदाम और दुकानों की रेकी करते थे। इसके बाद रात में मौका देखकर अपने साथियों और नाबालिगों को साथ लेकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। आरोपी कुछ ही मिनटों में तांबे की केबल, बर्तन और अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाते थे।
    चोरी की गई केबल को जलाकर उससे तांबा निकाला जाता था, जबकि तांबे के बर्तन व धातु का सामान नीमच और मंदसौर क्षेत्र में कम कीमत पर बेचने की बात भी सामने आई है।
    सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से पहुंचे आरोपियों तक
    पिपलियामंडी पुलिस ने चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। साथ ही साइबर सेल मंदसौर से तकनीकी सहायता ली गई। जांच के दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने महेन्द्र सिंह पारदी उम्र 38 वर्ष निवासी मालखेड़ा, थाना नीमच सिटी और गोलू पारदी उम्र 24 वर्ष निवासी सुवासरा, जिला मंदसौर को गिरफ्तार किया। इनके साथ तीन विधि-विरुद्ध बालकों को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
    सात वारदातों का खुलासा
    पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पूछताछ में थाना पिपलियामंडी के तीन तथा थाना वायडीनगर के चार अपराधों सहित कुल 7 चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया है। इनमें सोलर पावर प्लांट से केबल चोरी की घटनाएं भी शामिल हैं। आरोपियों से चोरी के अन्य सामान और पूर्व की वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी है।
    दो प्रमुख वारदातें
    8 जुलाई 2026 को श्रीराम वेयर हाउस के पीछे स्थित सौर ऊर्जा प्लांट, बोतलगंज से करीब 3 लाख रुपये कीमत की केबल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। इस मामले में थाना पिपलियामंडी में अपराध क्रमांक 188/26 दर्ज किया गया था।
    वहीं 7 अक्टूबर 2026 को पिपलियामंडी के फाटक मोहल्ला स्थित बर्तन गोदाम की दीवार तोड़कर तांबे के बर्तन व अन्य सामान चोरी किया गया था। इस मामले में अपराध क्रमांक 300/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
    यह सामान हुआ जब्त
    करीब 18 किलोग्राम तांबा
    करीब 2 लाख रुपये कीमत के तांबे के पुराने बर्तन व अन्य सामान
    बजाज पल्सर
    हीरो एचएफ डीलक्स
    हीरो स्प्लेंडर प्लस
    तीनों मोटरसाइकिलों की कुल कीमत करीब 1.50 लाख रुपये
    कुल जब्त मशरुका करीब 6.50 लाख रुपये
    कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मंदसौर श्री विनोद कुमार मीणा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री तेर सिंह बघेल एवं एसडीओपी मल्हारगढ़ श्री पिंटू कुमार बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह इवने के नेतृत्व में की गई।
    नरसिंह खिची, संपादक
    मालवा क्राइम न्यूज़

    Post a Comment

    Previous Post Next Post

    WhatsApp Channel Join

    व्हाट्सअप पर जुडें !

    Join Facebook Page

    फेसबुक पर जुडें !