नीमच जिले के जीरन थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बालाजी वेफर्स लिखे टाटा टेंपो से 39 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया है। मामले में राजस्थान निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर 2026 को सउनि के.एल. परिहार पुलिस टीम के साथ महूं-नीमच हाईवे रोड पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बालाजी वेफर्स लिखे संदिग्ध टाटा टेंपो क्रमांक RJ06GD6772 को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान टेंपो की पिछली पैक बॉडी में रखे कुरकुरे के वेफर्स के पैकेटों के नीचे तीन सफेद प्लास्टिक के कट्टे मिले। कट्टों की जांच करने पर उनमें कुल 39 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 95 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने डोडाचूरा के साथ टाटा टेंपो, जिसकी कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है, और वेफर्स भी जब्त किए हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान किशन पिता पृथ्वीराज साल्वी, उम्र 25 वर्ष, निवासी काठी, थाना गंगरार, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। अब आरोपी से डोडाचूरा के स्रोत और इसकी खपत/डिलीवरी के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं सीएसपी किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी जीरन निरीक्षक उमेश यादव के नेतृत्व में की गई। जीरन पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय रही।