नीमच। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना नीमच सिटी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 11 किलो 700 ग्राम अवैध अफीम, जिसकी अनुमानित कीमत 58 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है, बरामद की है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई 5 सितंबर 2026 को अपराध विवेचना के दौरान आमरोड स्थित दरक वेयर हाउस के सामने यूनिक वेल्डिंग वर्क्स की बंद पड़ी गुमटी के आगे गिरदौड़ा क्षेत्र में की गई। यहां संदेह के आधार पर ममता उर्फ बंटी पति मुकेश, उम्र 40 वर्ष, निवासी बोरखेड़ी पानड़ी की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से कुल 11 किलो 700 ग्राम अफीम बरामद हुई, जिसे विधिवत पंचों के समक्ष जब्त किया गया। इसके बाद महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
मामले में थाना नीमच सिटी पर धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। पूछताछ एवं विवेचना के आधार पर पुलिस ने शांतिलाल पिता नारूलाल मीणा, निवासी रावण रूंडी, नीमच सिटी को धारा 8/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत सहआरोपी बनाया है। पुलिस द्वारा उसकी तलाश की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नीमच श्री राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल एवं नपुअ सुश्री किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सागरिया के नेतृत्व में थाना नीमच सिटी पुलिस टीम द्वारा की गई।
जब्त सामग्री
- 11 किलो 700 ग्राम अवैध अफीम
- अनुमानित कीमत: 58 लाख 50 हजार रुपये
पुलिस की इस कार्रवाई में निरीक्षक विजय सागरिया एवं थाना नीमच सिटी पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस द्वारा मामले में आगे की विवेचना एवं फरार सहआरोपी की तलाश जारी है।