नीमच। मध्यप्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कुकड़ेश्वर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से परिवहन किए जा रहे 58.840 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा को जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल तथा एसडीओपी मनासा शाबेरा अंसारी के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी कुकड़ेश्वर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस ने 2 एवं 3 अगस्त 2026 की दरमियानी रात अरावली गौशाला के सामने टामोटी रोड पर वाहन चेकिंग के दौरान बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर तीन बैगों में भरा डोडाचूरा बरामद किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रंजीत सिंह (28 वर्ष) निवासी फर्रुखाबाद (हाल मुकाम रामामंडी, बठिंडा, पंजाब) तथा मनीष कुमार (29 वर्ष) निवासी रामामंडी, बठिंडा (पंजाब) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 58.840 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त कर उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की विवेचना जारी है।
पुलिस अधीक्षक ने इस कार्रवाई में शामिल कुकड़ेश्वर थाना पुलिस टीम की सराहना करते हुए उनके उत्कृष्ट कार्य की प्रशंसा की।