मंदसौर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नारायणगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बिना नंबर की स्विफ्ट कार में परिवहन किया जा रहा 100 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया है।
पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक मंदसौर श्री विनोद कुमार मीणा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री तेर सिंह बघेल एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मल्हारगढ़ श्री पी.एस. बघेल के मार्गदर्शन में तथा थाना प्रभारी नारायणगढ़ निरीक्षक राजेन्द्र कुमार पवार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
दिनांक 18 अगस्त 2026 को सउनि के.एल. प्रजापति पुलिस टीम के साथ झार्डा से भंवरासा रोड स्थित बोरखेड़ी फंटा यात्री प्रतीक्षालय के सामने वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर की सिल्वर रंग की स्विफ्ट कार को रोककर तलाशी ली गई। कार से पांच प्लास्टिक के कट्टों में भरा कुल 100 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से आरोपी अजय सिंह पिता हरिसिंह सौंधिया राजपूत, उम्र 24 वर्ष, निवासी बेलारी, थाना नीमच सिटी, जिला नीमच को गिरफ्तार किया। मामले में थाना नारायणगढ़ पर अपराध क्रमांक 257/26, धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। गिरफ्तार आरोपी से डोडाचूरा के स्रोत एवं तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
जब्त सामग्री
- 100 किलोग्राम डोडाचूरा — अनुमानित कीमत ₹2 लाख
- बिना नंबर की मारुति स्विफ्ट कार — अनुमानित कीमत ₹5.50 लाख
- विवो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल — अनुमानित कीमत ₹10 हजार
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नारायणगढ़ सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।